Ticker

6/recent/ticker-posts

संविधान दिवस: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- संविधान देश की हर अपेक्षा और आवश्यकता पर खरा उतरा, यह नागरिकों के लिए मार्गदर्शक



टाईम्स ऑफ चित्रा ब्युरो
दिल्ली:-  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि संविधान देश की हर अपेक्षा और आवश्यकता पर खरा उतरा है तथा यह नागरिकों के लिए मार्गदर्शक है। वे आज नई दिल्‍ली में सर्वोच्‍च न्‍यायालय में संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री मोदी ने कहा कि संविधान देश के वर्तमान और भविष्य का मार्गदर्शक है।
 
 
उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों में देश के सामने जो भी चुनौतियां आईं, संविधान ने उन चुनौतियों का समाधान खोजने का सही रास्ता दिखाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस दौरान आपातकाल जैसा समय भी आया और संविधान ने इस चुनौती का भी सामना किया। श्री मोदी ने कहा कि संविधान की शक्ति के कारण ही आज जम्मू-कश्मीर में इसे पूरी तरह लागू किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत परिवर्तन के एक बड़े दौर से गुजर रहा है और भारत का संविधान हमें रास्ता दिखा रहा है।
 
 
 
श्री मोदी ने कहा कि देश अपने नागरिकों के लिए जीवन को आसान बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब पेंशन पाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को बैंक में यह साबित करना होता था कि वे जीवित हैं। लेकिन अब वरिष्ठ नागरिकों को अपने घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा कराने की सुविधा उपलब्ध है। श्री मोदी ने कहा कि इस सुविधा से करीब डेढ़ करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिला है। 
 
 
 
श्री मोदी ने कहा कि देश जब आज लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व को मना रहा है, उसी दिन मुंबई में हुए आतंकवादी हमले की बरसी भी है। उन्होंने इस हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने देश का यह संकल्प भी दोहराया कि भारत की सुरक्षा को चुनौती देने वाले हर आतंकवादी संगठन को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारतीय न्यायपालिका की वार्षिक रिपोर्ट 2023-24 भी जारी की।