टाईम्स ऑफ चित्रा ब्युरो
दिल्ली :-प्रियंका गांधी ने आज लोकसभा सांसद के रूप में शपथ ली। यह उनके लिए ऐतिहासिक क्षण था, क्योंकि यह उनका पहला चुनावी कार्यकाल है। शपथ ग्रहण के दौरान प्रियंका गांधी क्रीम कलर की साड़ी में नजर आईं, और उन्होंने संविधान की कॉपी हाथ में लेकर हिंदी में शपथ ली। इस मौके पर उनका पूरा परिवार, जिसमें मां सोनिया गांधी, भाई राहुल गांधी, पति रॉबर्ट वाड्रा, बेटे रेहान और बेटी मिराया वाड्रा शामिल थे, संसद भवन में मौजूद था। शपथ ग्रहण के बाद प्रियंका गांधी चौथी पंक्ति में बैठीं और उनके साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी वहां थे।

हंगामे से शुरू हुई संसदीय यात्रा
हालांकि प्रियंका गांधी की संसदीय यात्रा हंगामे से शुरू हुई. शपथ ग्रहण खत्म होने के बाद जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया. हंगामे को देखते हुए स्पीकर ने कार्यवाही 12 बजे के लिए स्थगित कर दी.इससे पहले प्रियंका ने जैसे ही लोकसभा में प्रवेश किया तो कांग्रेस के सांसदों ने उन्हें घेर लिया और लोग फोटो और सेल्फी लेने लग गए. इस बीच मीसा भारती, दीपेंदर हुड्डा और शशि थरूर समेत कई सांसदों ने उनसे मुलाकात की. शपथ के बाद प्रियंका ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी का अभिवादन किया, गैलरी में बैठे सोनिया गांधी और सास का भी अभिवादन किया.
पहली बार चुनाव लड़ा और सांसद बनीं
प्रियंका गांधी पहली बार चुनाव मैदान में उतरी थीं. वह केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर पिछले हफ्ते खत्म हुए उपचुनाव में निचले सदन की सदस्य निर्वाचित हुईं. उन्होंने वायनाड लोकसभा उपचुनाव में चार लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिस की है.प्रियंका के अलावा महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट से निर्वाचित कांग्रेस नेता रवींद्र बसंतराव चव्हाण ने भी आज सदन की सदस्यता की शपथ ली. चव्हाण ने मराठी भाषा में शपथ ली.
सदन में गांधी-नेहरू परिवार के 3 सदस्य
देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब संसद में गांधी-नेहरू परिवार के 3 सदस्य दिखाई देंगे. प्रियंका गांधी के भाई राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं जबकि उनकी मां सोनिया गांधी राज्यसभा की सांसद हैं. प्रियंका पहली बार किसी सदन की सदस्य बनी हैं.प्रियंका गांधी 5 साल पहले साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान सक्रिय राजनीति में उतरी थीं, तब उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था. तब से वह पार्टी महासचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं.



Social Plugin