टाईम ऑफ चित्रा ब्युरो
आगरा :-भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ किसानों के अपमान और राष्ट्रद्रोह से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित स्पेशल कोर्ट (एमपी-एमएलए) में आज सुनवाई होनी थी। कोर्ट ने कंगना को 12 दिसंबर को स्वयं उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया था, लेकिन वह अनुपस्थित रहीं।
इससे पहले, कोर्ट ने 28 नवंबर को कोर्ट में पेश होने की नोटिस भेजी थी हालांकि, कंगना कोर्ट में पेश नहीं हुईं। इसके बाद, 7 दिसंबर को पुलिस के माध्यम से एक और नोटिस भेजा गया, जिसमें 12 दिसंबर को उनकी उपस्थिति अनिवार्य बताई गई थी।
कोर्ट में अनुपस्थित रहने पर आज स्पेशल कोर्ट ने कंगना रनौत को अपना पक्ष रखने के लिए एक और मौका देते हुए सुनवाई की अगली तारीख 18 दिसंबर 2024 तय की है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर इस बार कंगना अपना जवाब दाखिल नहीं करती हैं या कोर्ट में पेश नहीं होती हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला किसानों के अपमान और राष्ट्रद्रोह से जुड़ा है, जिसमें कंगना रनौत पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब देखना होगा कि आगामी सुनवाई में कंगना कोर्ट में उपस्थित होती हैं या नहीं।



Social Plugin